Maharajganj News : प्लेटफॉर्म पर धंसी इंटरलॉकिंग बनी खतरा! कहीं सफर के बीच हादसा न बन जाए ये रेलवे स्टेशन
20-May-2026
Total Views |
नौतनवा। नेपाल सीमा से सटे नौतनवा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर फर्श पर की गई इंटरलॉकिंग धंसने से जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। इससे यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने में परेशानी हो रही है। स्टेशन पर लगा हैंडपंप भी खराब है। हालांकि टोटी में पानी आने यात्रियों को पेयजल की समस्या नहीं होती है।
नौतनवा रेलवे स्टेशन पर एक तरफ जहां ट्रेनों की लेट-लतीफी से यात्री परेशान हैं। वहीं प्लेटफॉर्म नंबर एक पर इंटरलॉकिंग धंस जाने से यात्रियों के गिरकर घायल होने की आशंका बनी रहती है। नेपाल के करीब होने के कारण गोरखपुर-नौतनवा रूट से प्रतिदिन हजारों यात्रियों का आना-जाना रहता है।
बलिया, गाजीपुर, देवरिया, भटनी, सिवान, गोरखपुर, बनारस, मऊ, बस्ती आदि स्थानों से लोग प्रतिदिन नेपाल के भैरहवा आंख का इलाज कराने के लिए आते-जाते हैं। रोडवेज की अपेक्षा ट्रेन का किराया कम एवं सुविधाजनक होने से लोग ट्रेन से ही यात्रा करते हैं।
स्टेशन पर टी-स्टॉल के पास पेड़ के किनारे यात्रियों के बैठने के लिए बना चबूतरा टूट गया है, जिससे यात्रियों को बैठने में समस्या है। यात्रियों ने बताया कि प्लेटफार्म का फर्श टूटने से गिरकर घायल होने की आशंका बनी रहती है। लोगों ने रेल प्रशासन इसमें सुधार कराने की मांग की है।