Maharajganj News : मरने से पहले उम्मे ने खोला राज! आखिर किसने लगाई आग?

    20-May-2026
Total Views |

खनुआ। 
बीते दिनों सोनौली थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न और दहेज हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया। ग्राम पंचायत कोल्हुई निवासी अहमद ने सोनौली पुलिस को शिकायती पत्र देकर बहन उम्मे साहिबा के ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने व ज्वलनशील पदार्थ डालकर जलाने का आरोप लगाया है। पुलिस आरोपी पति, सास, ससुर, ननद, देवर सहित पांच लोगों पर दहेज हत्या, घरेलू हिंसा सहित अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुटी है।

अहमद ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर बताया कि मेरी बहन उम्मे साहिबा की शादी 19 अगस्त 2023 को अफसर अली उर्फ राज निवासी ग्राम खनुआ के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही मेरी बहन को उसके पति एवं ससुराल पक्ष के लोग दहेज में बाइक तथा दो लाख रुपये नकद की मांग को लेकर लगातार मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।

17 मई को मेरी बहन ने मुझे फोन पर बताया था कि ससुराल पक्ष के लोग उसे लगातार धमकी दे रहे हैं और कह रहे हैं कि तुम्हें जान से मार देंगे। 18 मई को लगभग दोपहर 12 बजे मुझे सूचना प्राप्त हुई कि मेरी बहन को उसके पति व ससुराल पक्ष के लोगों ने मिलकर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगा दी। जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई।


सूचना मिलते ही मैं एवं मेरे परिजन तत्काल अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया। मगर अस्पताल में इलाज शुरू होने से पहले ही मेरी बहन की मौत हो गई। जब मैं अपनी बहन को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जा रहा था, उसी दौरान उसने मुझे और मेरे भाई और साथ मौजूद ग्रामीणों से बताया कि पति अफसर अली उर्फ राज शाह, सास, ससुर नईम शाह, देवर राहुल शाह, ननद सहित पांचों लोगों ने मिलकर उसे जलाया है और वहीं लोग उसे लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे।

एसओ सोनौली महेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतका के भाई अहमद की तहरीर पर पति, सास, ससुर, देवर, ननद सहित 5 लोगों के खिलाफ दहेज हत्या और घरेलू हिंसा की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।