Maharajganj News : डीजल संकट पर किसानों का अनोखा विरोध! इस तरह जताया विरोध, वीडियो वायरल
29-May-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले में डीजल की किल्लत लगातार बनी हुई है ऐसे में प्रशासन ने सख्ती और बढ़ा दी। जिसके बाद नाराज़ किसानों का विरोध अब खुलकर सामने आ रहा है। निचलौल थाना क्षेत्र की ग्रामसभा खोनहौली में किसानों ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन करते हुए अपने पंपिंग सेट और इंजन सीधे पेट्रोल पंप पर पहुंचा दिए। किसानों का कहना है कि खेती के सबसे महत्वपूर्ण समय में उन्हें पर्याप्त डीजल नहीं मिल पा रहा है, जिससे सिंचाई और खेती दोनों बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।
प्रशासन की ओर से डीजल की तस्करी रोकने और सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर अभियान चलाया जा रहा है।इसके तहत गैलन में डीजल खरीदने वाले लोगों को आधार कार्ड और खतौनी दिखानी पड़ रही है। कई स्थानों पर पांच लीटर डीजल देने से पहले एसडीएम स्तर पर सत्यापन की प्रक्रिया भी अनिवार्य की गई है। प्रशासन का कहना है कि यह कदम अवैध भंडारण और नेपाल सीमा पर संभावित तस्करी को रोकने के लिए उठाया गया है।
हालांकि किसानों का आरोप है कि इस व्यवस्था के कारण उन्हें घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है और जरूरत के मुताबिक डीजल भी नहीं मिल पा रहा है।
इसी वजह से अपना विरोध दर्ज कराने के लिए नाराज़ किसानों ने ये अनूठा तरीका अपनाया। वे अपने पंपिंग सेट और इंजन को सीधे पेट्रोल पंप पर ले गए और वहीं डीजल भरवाने की मांग करने लगे। बड़ी संख्या में कृषि उपकरण देखकर पेट्रोल पंप कर्मी भी हैरान रह गए। किसानों का कहना था कि अगर गैलन में डीजल नहीं दिया जा रहा, तो वे मशीनें ही पंप पर ले आए हैं ताकि सीधे उनमें डीजल भरा जा सके।
इस पूरे घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है। वीडियो में किसान अपने कृषि उपकरणों के साथ पेट्रोल पंप पर खड़े दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि धान की नर्सरी और खेतों की सिंचाई का यह महत्वपूर्ण समय है, ऐसे में डीजल की कमी से किसानों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
किसानों की प्रशासन से अपील है कि खेती-किसानी के लिए एक अलग व्यवस्था बनाई जाए, ताकि वास्तविक किसानों को पर्याप्त मात्रा में डीजल आसानी से मिल सके। वहीं, प्रशासन का कहना है कि जरूरतमंद किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए व्यावहारिक समाधान निकालने पर विचार किया जा रहा है।