Gorakhpur News : पत्नी की प्रेमी से शादी कराने के बाद जो हुआ, वो रोंगटे खड़े कर देगा

    29-May-2026
Total Views |

गोरखपुर।
गोरखपुर में गुलरिहा थाना क्षेत्र के जंगल डुमरी नंबर-दो गाँव में प्रेम विवाह को लेकर चल रहा विवाद बुधवार रात हिंसक संघर्ष में बदल गया। रास्ते में रोककर हुए हमले और कुल्हाड़ीबाजी में पिता-पुत्र समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है, जिसमे एक की हालत गंभीर है। पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दो आरोपितों को हिरासत में लिया है।

पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी अमरजीत बेंगलुरु में पेंटिंग का काम करता है। उसकी शादी करीब 12 वर्ष पहले मंशा देवी से हुई थी। पिछले एक वर्ष से मंशा देवी का गांव के ही सूरज नामक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। मामले की जानकारी होने पर गांव में पंचायत हुई थी। करीब दस दिन पहले समझौते के बाद अमरजीत ने अपनी पत्नी की शादी सूरज से करा दी थी।


आरोप है कि बुधवार रात करीब दस बजे सूरज अपने पिता रामरतन के साथ ननिहाल से खाना खाकर लौट रहा था। तभी पहले से घात लगाए बैठे अमरजीत, उसके पिता छोटकन उर्फ छोटेलाल और परिवार के अन्य लोगों ने रास्ता रोक लिया।

आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच मारपीट होने लगी। मारपीट का विरोध करने पर आरोपियों ने कुल्हाड़ी से वार कर दिया। हमले में सूरज, उसके पिता रामरतन और रिश्तेदार श्रवण गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पुलिस ने घायलों को मेडिकल कॉलेज भेजा। प्रभारी निरीक्षक जेपी पाल ने बताया कि हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दो आरोपितों को हिरासत में लिया गया है।