Maharajganj News : बाजार में महिला के बैग से उड़ गया मोबाइल, पुलिस ने 2 घंटे में किया खुलासा
29-May-2026
Total Views |
परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के परतावल साप्ताहिक बाजार में खरीदारी करने आई एक महिला के बैग से मोबाइल चोरी हो गया। पुलिस ने तेजी दिखते हुए सिर्फ दो घंटे में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और महिला का मोबाइल बरामद कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, कुसुम्हा गांव निवासी हिना पत्नी कपिलदेव गुरुवार को परतावल में लगने वाले साप्ताहिक बाजार खरीदारी करने आई थीं। बाजार में भीड़भाड़ के दौरान उनके बैग से किसी ने मोबाइल फोन चोरी कर लिया। कुछ देर बाद जब महिला ने बैग देखा तो मोबाइल नहीं मिला। पीड़िता ने श्यामदेउरवां थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दी। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान पुलिस ने भिटौली थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी सिकंदर पुत्र राजबहादुर (20) तथा समीर राजभर पुत्र विजय राजभर (19) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी गया मोबाइल फोन भी बरामद हो गया।
एसओ सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके पास से चोरी का मोबाइल भी बरामद कर लिया गया है।