Maharajganj News : डीजल लेने जा रहे थे अमेरिका शर्मा, रास्ते में हुआ ऐसा हादसा जिसने सबको झकझोर दिया

    30-May-2026
Total Views |

नौतनवा।
नौतनवा थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गयी। गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित चंडीथान चौराहे के पास तेज रफ्तार चारपहिया वाहन की टक्कर से यह हादसा हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के मुताबिक, अमेरिका शर्मा निवासी रुद्रपुर शिवनाथ थाना कोल्हुई शनिवार की सुबह अपनी दो पहिया वाहन से नौतनवा क्षेत्र में गैलन लेकर डीजल लेने के लिए आ रहे थे। क्षेत्र के गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ग्राम चंडीथान चौराहे पर पहुंचे थे तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक चारपहिया वाहन ने उन्हें टक्कर मार दिया।

हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं। आसपास के लोगों की मदद से घायल व्यक्ति को पुलिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौतनवा ले आई। यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे।

चौकी प्रभारी संपतिहा जयप्रकाश सिंह का कहना है कि सूचना के बाद मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की विधिक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।