Maharajganj News : नशीली सिरप और कैप्सूल के साथ दो तस्कर चढ़े पुलिस के हत्थे
07-May-2026
Total Views |
महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर सक्रिय ड्रग तस्करी के खिलाफ चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना पुरन्दरपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 123 नशीली सिरप, 960 प्रतिबंधित कैप्सूल, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद हुए माल की कीमत करीब 90 हज़ार बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर थाना पुरन्दरपुर क्षेत्र के रानीपुर चौराहे पर बुधवार देर रात घेराबंदी की गयी। इसी दौरान गोरखपुर की ओर से सोनौली जा रही टीवीएस स्टार सिटी बाइक संख्या UP55X4270 पर सवार दो लोगों को रोककर तलाशी ली गई। जांच में उनके पास से CODISUN सिरप और नशीले कैप्सूल बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकेश पांडेय निवासी डुमरियागंज, सिद्धार्थनगर तथा योगेश तिवारी निवासी खोराबार, गोरखपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे पिछले कई महीनों से नेपाल में नशीली दवालों की सप्लाई कर रहे थे, जहाँ उन्हें ऊंचे दामों में बेचा जाता था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद दवाओं का इस्तेमाल सामान्य तौर पर चिकित्सीय उपचार में होता है, लेकिन इनका अवैध रूप से नशे के लिए दुरुपयोग किया जा रहा था। इन दवाओं को मिलकर कॉकटेल ड्रग के रूप में युवाओं के बीच इस्तेमाल किए जाने की बात भी सामने आई है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना पुरन्दरपुर में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन की जांच में जुटी हुई है।