Gorakhpur News : SBI के बैंक मैनेजर के साथ हुआ ये बड़ा खेल ! सदमे में पहुँच गए मैनेजर साहब
08-May-2026
Total Views |
गोरखपुर। SBI के मैनेजर गोरखपुर में साइबर जालसाजों के बड़े खेल का शिकार हो गए। शेयर बाजार में मोटा मुनाफा कमाने के लालच में उनके साथ 42.50 लाख रुपये की ठगी हो गयी है। ठगी की घटना के बाद मैनेजर साहब कई दिनों तक सदमे में रहे।
बुधवार को तहरीर देकर उन्होंने अज्ञात के खिलाफ साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
पीड़ित नीरज कुमार ने बताया कि वह जनवरी के अंत और फरवरी की शुरुआत में व्हाट्सएप पर बने दो निवेश समूहों से जुड़े थे। इन समूहों में खुद को विशेषज्ञ बताने वाले लोगों द्वारा शेयर बाजार में भारी मुनाफे का दावा किया जाता था।
रोजाना ऑनलाइन सेशन लेकर निवेश के टिप्स दिए जाते थे और कुछ सदस्यों द्वारा लगातार मुनाफा दिखाकर भरोसा बढ़ाया जाता था। ठगों ने खुद को बड़े निवेश समूहों और विदेशी संस्थागत निवेशकों से जुड़ा बताया।
उन्होंने फर्जी दस्तावेज दिखाकर भरोसा दिलाया कि उनके जरिए प्री-ओपन मार्केट में ट्रेडिंग कर भारी लाभ कमाया जा सकता है। इसके बाद पीड़ित को एक ऐप के जरिए ट्रेडिंग खाता खुलवाया गया और निवेश के नाम पर रकम जमा कराई गई।
शुरुआत में उनको मुनाफा दिखाया गया, जिससे उनका विश्वास और मजबूत हो गया। इसके बाद ठगों ने आईपीओ में निवेश के नाम पर बड़ी रकम लगाने के लिए प्रेरित किया। खाते में मुनाफा बढ़ता दिखाया गया, लेकिन जब पीड़ित ने पैसे निकालने की कोशिश की तो विभिन्न बहाने बनाकर भुगतान रोका जाता रहा।
कुछ समय बाद पीड़ित को संदेह हुआ और जांच करने पर पता चला कि जिन कार्यक्रमों और कंपनियों का हवाला दिया जा रहा था, वे पूरी तरह फर्जी थे। इसके बाद उन्हें ठगी का अहसास हुआ। पुलिस के मुताबिक, यह सुनियोजित साइबर ठगी का मामला है, जिसमें लोगों को लालच देकर फंसाया जाता है।
शुरुआती लाभ दिखाकर भरोसा जीता जाता है और फिर बड़ी रकम हड़प ली जाती है। फिलहाल, तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और खातों के जरिए लेनदेन की जांच की जा रही है।