Gorakhpur News : चिलुआताल की बदलेगी तस्वीर, कल सीएम योगी करेंगे पर्यटन परियोजना का उद्घाटन
01-Jun-2026
Total Views |
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल यानी मंगलवार को दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंचेंगे। इस दौरान वह करीब 300 करोड़ से अधिक के विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इसमें पर्यटन विकास, उद्योग एवं आवास से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।
कुशीनगर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री दोपहर बाद गोरखपुर पहुंचेंगे। शाम करीब 4 बजे चिलुआताल पहुंचकर वह वहां विकसित की गई पर्यटन परियोजना का लोकार्पण करेंगे।
पर्यटन विभाग के उप निदेशक राजेंद्र प्रसाद यादव के मुताबिक चिलुआताल को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए 20 करोड़ 39 लाख रुपये की परियोजना को मूर्त रूप दिया गया है। परियोजना में पाथवे, घाट की सीढ़ियां, रेलिंग, सोलर लाइट, इंटरलॉकिंग, सीसी रोड, बेंच, एप्रोच रोड, साइड वॉल, नाली, टॉयलेट ब्लॉक और दुकानों का निर्माण कराया गया है।
रामगढ़ताल की तर्ज पर विकसित किए गए चिलुआताल में अब लोग सुबह और शाम टहलने के लिए पहुंचने लगे हैं। पर्यटन विभाग का मानना है कि यह परियोजना क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय लोगों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगी।
चिलुआताल कार्यक्रम के बाद सीएम गोरखनाथ मंदिर जाएंगे। वहां अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे और जिले में चल रही विकास कार्यों के प्रगति की समीक्षा करेंगे। सीएम के सामने भावी योजनाओं की प्रस्तुति भी दी जाएगी। बुधवार की सुबह सीएम गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में आए फरियादियों की समस्या सुनेंगे।
उसके बाद सुबह 11 बजे गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GIDA) पहुंचेंगे। वहां 42 कराड़ 50 लाख रुपये की लागत से तैयार इस फ्लैटेड फैक्ट्री का उद्घाटन करेंगे। इसमें प्लग एंड प्ले आधार पर रेडीमेड गारमेंट की सुविधा मिलेगी। लगभग 80 उद्यमियों को यहां जगह आवंटित की जाएगी। इस अवसर पर सीएम योगी, गीडा औद्योगिक क्षेत्र में एलआईजी-ईडब्ल्यूएस आवासीय परिसर का उद्घाटन करने के साथ करीब 208 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात भी देंगे।
सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं से गोरखपुर में पर्यटन, उद्योग और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी।