Maharajganj News : अचानक अस्पताल पहुंचे CMO, मचा हड़कंप! कई कर्मचारियों पर गिरी गाज
01-Jun-2026
Total Views |
कोल्हुई। कोल्हुई बाजार स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का रविवार दोपहर उस समय अफरा तफरी का माहौल बन गया जब मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नवनाथ प्रसाद अचानक औचक निरीक्षण के लिए पहुंच गए। सीएमओ के अचानक पहुंचने की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कंप की स्थिति बन गई।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और मौजूद कर्मचारियों से विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी प्राप्त की। सीएमओ ने लैब टेक्नीशियन अनिल कुमार से लैब संबंधी कार्यों और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में पूछताछ की। इसके अलावा उन्होंने अस्पताल में तैनात डॉ. इसरार अहमद, स्वीपर कपिल देव, स्टाफ नर्स आराधना चार्ल्स तथा बीएसडब्ल्यू सुधा सिंह से भी बातचीत कर अस्पताल की कार्यप्रणाली की जानकारी ली।
सीएमओ ने अस्पताल परिसर में आयोजित आरोग्य मेले का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता तथा स्वास्थ्य जांच संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार रवैया अपनाने के निर्देश दिए।
अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देते हुए सीएमओ ने कर्मचारियों को स्वच्छता बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए। वहीं कुछ कर्मचारियों के ड्यूटी से अनुपस्थित मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और जिम्मेदार अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के संकेत देते हुए व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त न करने की बात कही।