Maharajganj News : रात को खाना खाकर सोया युवक, सुबह नहीं खुलीं आंखें... मॉरिशस से गांव पहुंचा शव तो मच गया कोहराम
01-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। मॉरीशस में मृत शिव कुमार गुप्ता उर्फ प्रमोद गुप्ता (30) का पार्थिव शरीर रविवार को उनके पैतृक गांव बसंतपुर खुर्द, सिंदुरिया क्षेत्र पहुंचा। प्रमोद अपने परिवार का भरण-पोषण करने के लिए मॉरीशस कमाने गए थे। 25 मई को मॉरिशस में अपने कमरे में ही उसकी मौत हो गई थी। शव घर पहुंचते ही चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत बसंतपुर खुर्द निवासी शौखी गुप्ता का बड़ा बीटा शिव कुमार गुप्ता उर्फ प्रमोद गुप्ता अपने परिवार का भरण पोषण करने के लिए मॉरिशस कमाने गया था। 24 मई को रोज की तरह काम कर वह अपने रूम पर आया और भोजन कर सो गया।
25 मई सोमवार को आस पास के लोगों ने शिव कुमार गुप्ता उर्फ प्रमोद गुप्ता के न जगने पर जगाने का प्रयास किया जो मृत अवस्था में मिला। मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में प्रमोद गुप्ता की मृत्यु का कारण हार्ट अटैक बताया गया। वह दो भाइयों में सबसे बड़ा था।
सभी कागजी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद, मृतक का पार्थिव शरीर ताबूत में रखकर रविवार को भोर में घर लाया गया। प्रमोद का अंतिम दाह संस्कार त्रिमुहानी घाट पर किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।