Maharajganj News : नवजात की किलकारी के बीच मातम, सड़क पर शव रखकर परिजनों का प्रदर्शन

    01-Jun-2026
Total Views |

महराजगंज।
जिले के निचलौल कस्बे के सिसवा रोड स्थित एक निजी अस्पताल पर प्रसव के बाद महिला की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद से गुस्साए परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया और निचलौल-सिसवा मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस के आश्वासन के बाद स्थिति सामान्य हुई।

जानकारी के अनुसार, कोठीभार थाना क्षेत्र के बीजापार गांव निवासी तेरहा खातून की बेटी उजाला खातून (28) की शादी पैकौली कला गांव में हुई थी। रविवार शाम प्रसव पीड़ा होने पर परिजन उन्हें निचलौल कस्बे के सिसवा रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराए थे। परिजनों का कहना है कि रात 9 बजे उजाला ने एक बच्ची को जन्म दिया। प्रसव के कुछ देर बाद ही उजाला की तबियत बिगड़ने लगी और पेट में तेज दर्द की शिकायत हो गयी।


अस्पताल संचालक द्वारा महिला की हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज के जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद निजी अस्पताल की लापरवाही का आरोप लगाते हुए नाराज परिजनों ने सोमवार को निचलौल-सिसवां मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को मनाया। इसके बाद जाम हटाया गया।

मृतक उजाला खातून का पति अब्दुल कलीम लुधियाना में काम करता है। परिजनों का कहना है कि प्रसव करवाने के लिए अस्पताल में वे लेकर आए थे, लेकिन अस्पताल में सही इलाज न होने से मौत हुई है। एसओ अंकित सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। निजी अस्पताल पर तैनात कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। परिजनों द्वारा तहरीर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।