Maharajganj News : पत्नी को घर लाने के कुछ घंटे बाद हुआ बवाल, पति पहुंचा अस्पताल
15-Jun-2026
Total Views |
परतावल। भिटौली थाना क्षेत्र के एक गांव में कथित प्रेम संबंध को लेकर हुए विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। मारपीट के इस घटना में एक व्यक्ति (महिला का पति ) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिस का इलाज गोरखपुर में चल रहा है। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि घायल ससुर का भी मेडिकल परीक्षण कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, भिटौली क्षेत्र की दो बच्चों की मां का पड़ोसी युवक से कथित प्रेम संबंध चल रहा था। पीड़ित पति के मुताबिक चार दिन पहले उसने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। उसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ तो महिला नाराज होकर गोरखपुर चली गई थी। शनिवार को पति उसे वापस घर लेकर आया लेकिन घर पहुंचने के बाद दोनों के बीच फिर झगड़ा होने लगा।
आरोप है कि विवाद के दौरान महिला के शोर मचाने पर उसका कथित प्रेमी मौके पर पहुंच गया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि युवक ने लाठी-डंडे से हमला कर पति को गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोपी युवक ने बीच-बचाव करने पहुंचे महिला के ससुर को भी पीट दिया, जिससे उन्हें भी चोटें आईं।
प्रभारी निरीक्षक सतेन्द्र राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।