Bollywood News : नई दुल्हन के साथ नजर आए उर्मिला के एक्स हस्बैंड मोहसिन, फैंस दे रहे शुभकामनाएं

    15-Jun-2026
Total Views |

Bollywood News :
बॉलीवुड की फेमस एक्ट्रेस उर्मिला मातोंडकर के एक्स हस्बैंड और मॉडल-व्यवसायी मोहसिन अख्तर एक बार फिर चर्चा में हैं। उर्मिला से अलग होने के बाद मोहसिन ने अपनी जिंदगी की नई शुरुआत करते हुए दूसरी शादी कर ली है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी पत्नी निधा भट्ट के साथ निकाह की तस्वीरें साझा कर इस खुशखबरी की जानकारी दी।

मोहसिन द्वारा शेयर की गई तस्वीरों में शादी समारोह की खास झलकियां देखने को मिल रही हैं। निकाह के मौके पर मोहसिन सफेद शेरवानी में नजर आए, जबकि उनकी दुल्हन निधा भट्ट गोल्डन और आइवरी रंग के पारंपरिक शरारा में बेहद आकर्षक दिखाई दीं। तस्वीरों में दोनों की केमिस्ट्री और खुशियां साफ झलक रही हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक तस्वीर में मोहसिन घुटनों के बल बैठकर निधा को अंगूठी पहनाते नजर आ रहे हैं। यह रोमांटिक पल उनके प्रशंसकों को काफी पसंद आ रहा है और तस्वीरों पर लोग शुभकामनाओं की बारिश कर रहे हैं।


गौरतलब है कि उर्मिला मातोंडकर और मोहसिन अख्तर के रिश्ते में दरार की खबरें वर्ष 2024 में सामने आई थीं। बाद में जानकारी मिली थी कि उर्मिला ने तलाक के लिए अदालत का रुख किया था। दोनों ने 4 फरवरी 2016 को एक निजी समारोह में शादी की थी।

उनकी शादी उस समय काफी चर्चा में रही थी। इसकी वजह दोनों का अलग-अलग धर्म से होना और उनके बीच लगभग 10 साल का उम्र का अंतर था। बताया जाता है कि मोहसिन और उर्मिला की पहली मुलाकात वर्ष 2014 में फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा के परिवार से जुड़े एक समारोह में हुई थी। करीब एक दशक तक साथ रहने के बाद दोनों ने अपने रास्ते अलग कर लिए।

अब मोहसिन ने निधा भट्ट के साथ नए जीवन की शुरुआत की है और उनके प्रशंसक इस नए सफर के लिए उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं।