Maharajganj News : दरवाजा अंदर से बंद था, छत के रास्ते पहुंची बच्ची तो सामने था खौफनाक मंजर
15-Jun-2026
Total Views |
भिटौली। भिटौली थाना क्षेत्र के सेमरा राजा गांव में रविवार की सुबह एक किशोरी का घर में संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से इलाके में सनसनी फ़ैल गयी। परिजनों ने पड़ोस के एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, भिटौली थाना क्षेत्र के सेमरा राजा निवासी एक व्यक्ति पत्नी, बेटे और बेटी के साथ घर पर रहते हैं। रविवार की सुबह उनकी 15 वर्षीय पुत्री घर पर खाना बना रही थी। माता-पिता और भाई धान की रोपाई के लिए खेत गए थे। परिवार घर पर ही गुमटी में दुकान भी चलाता है।
रविवार सुबह सात बजे एक पड़ोस की बच्ची दुकान से सामान खरीदने के लिए गई तो घर का दरवाजा अंदर से बंद था। उसने आवाज दी तो कोई जवाब नहीं मिला। वह बगल से छत के रास्ते चढ़कर किशोरी के घर में गई तो उसका शव चारपाई पर पड़ा मिला। बच्ची ने यह देखकर शोर मचाया और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। किशोरी कक्षा नौ में पढ़ती थी।
घटना की सूचना फैलते ही पीड़ित के घर पर भीड़ लग गई। इसी बीच किशोरी के माता-पिता भी खेत से घर पहुंच गए और बेटी का शव देख दहाड़े मारकर रोने लगे। सूचना पाकर सीओ सदर अंकुर गौतम, थानाध्यक्ष भिटौली सत्येंद्र कुमार राय, एसएसआई प्रवीण सिंह, भिटौली चौकी प्रभारी यदुवीर यादव मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटना की जांच-पड़ताल की।
पीड़ित परिजनों ने बताया कि किशोरी के गले पर तार से कसने का निशान मिला है। उन्होंने बगल के एक युवक पर किशोरी की हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों ने बताया कि एक लड़के ने उनकी बेटी का वीडियो बना लिया था। वह वीडियो दिखाकर एक वर्ष से किशोरी पर बात करने का दबाव बना रहा था।
आरोप है कि युवक ने बात नहीं करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी थी। इससे किशोरी बेहद डरी हुई थी। सीओ सदर अंकुर गौतम ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है।