Maharajganj News : पैमाइश और वरासत के नाम पर रिश्वत? लेखपाल पर गंभीर आरोपों से मचा हड़कंप

    15-Jun-2026
Total Views |

महराजगंज। सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम भैंसी में तैनात महिला लेखपाल के खिलाफ ग्रामीणों ने रिश्वत मांगने और राजस्व संबंधी कार्यों में अनावश्यक विलंब करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से शिकायत की है और जांच की मांग की है।

ग्राम भैंसी के ग्रामीणों का कहना है कि महिला लेखपाल जमीन की पैमाइश, वरासत और अन्य राजस्व कार्यों के लिए खुलेआम रिश्वत मांगती है। पैसा न देने पर फाइलों का निस्तारण समय पर नहीं होता है और ग्रामीणों को महीनों चक्कर लगवाया जाता है। इससे परेशान होकर कई ग्रामीणों ने एकजुट होकर डीएम कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दी है।


शिकायतकर्ताओं ने बताया कि लेखपाल के रिश्वतखोरी के कारण गरीब किसानों के काम नहीं हो पा रहे हैं। विरोध करने पर धमकी दी जाती है। ग्रामीणों ने वीडियो बयान में कहा कि उच्चाधिकारियों को कई बार मौखिक शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब मामला जिलाधिकारी तक पहुंचने के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।

फिलहाल डीएम कार्यालय की तरफ से शिकायत मिलने की पुष्टि हुई है। मामले की जांच एसडीएम सदर को सौंपी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे तहसील मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।