Maharajganj News : जब सड़क बनी तालाब तो ग्रामीणों ने उसमे बो दिया धान, इस अनोखे विरोध ने खींचा सबका ध्यान
15-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले के घुघली विकास खंड के मंगलपुर पटखौली गांव से विरोध प्रदर्शन की एक अनोखी तस्वीर सामने आयी है। यहाँ में बदहाल सड़क और जलभराव से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। वर्षों पुरानी इस समस्या के समाधान न होने पर ग्रामीणों ने कीचड़ और पानी से लबालब भरे रास्ते पर ही धान की रोपाई कर दी और प्रशासन तथा जनप्रतिनिधियों के खिलाफ अपना अनूठा विरोध दर्ज कराया।
ग्रामीणों का कहना है कि रेलवे लाइन के किनारे स्थित उनके घरों तक जाने वाला मुख्य मार्ग हर साल बारिश के मौसम में तालाब में तब्दील हो जाता है। सड़क पर अत्यधिक जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में बहुत दिक्कत होती है। बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी होती है, वहीं बुजुर्ग और महिलाएं अक्सर फिसलकर चोटिल हो जाते हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, उन्होंने इस समस्या के संबंध में कई बार शिकायतें की हैं, लेकिन उन्हें केवल अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से आश्वासन ही मिला। हालात इतने खराब हो चुके है कि सड़क और खेत में अंतर करना मुश्किल हो गया है। इसी हताशा में ग्रामीणों ने सड़क को धान का खेत मानकर उसमें रोपाई शुरू कर दी।
ग्रामीणों ने अपनी इस अनोखे प्रदर्शन का एक वीडियो भी बनाया है, जिसे प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को भेजा गया है। ग्रामीणों का तर्क है कि जब सड़क की हालत खेत जैसी हो गई है, तो उसका इस्तेमाल धान की खेती करने के लिए करेंगे।
गाँव के ग्राम प्रधान वर्तमान प्रधान सुमेर सिंह हैं और ग्रामीणों ने समस्या से संबंधित वीडियो उन्हें भी भेजा है।
सड़क पर धान की रोपाई का यह अनोखा विरोध प्रदर्शन स्थानीय प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाता है और ग्रामीणों की बेबसी तथा आक्रोश को दर्शाता है। गांव के लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण और जलनिकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। यह विरोध पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।