Maharajganj News : फैसले के बाद बेकाबू हुआ युवक, पेड़ पर चढ़कर करने लगा आत्महत्या की बात

    15-Jun-2026
Total Views |

महराजगंज
। जिला न्यायालय परिसर में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब एक युवक अदालत के फैसले से आहत होकर अचानक एक ऊंचे पेड़ पर चढ़ गया और आत्महत्या की धमकी देने लगा। घटना के बाद न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं, वादकारियों और कर्मचारियों की भीड़ जमा हो गई।

युवक की पहचान प्रवीण यादव के रूप में हुई है। वर्ष 2005 में पनियरा थाना क्षेत्र के एक गांव में कन्हैया नामक युवक की हत्या हुई थी। इस बहुचर्चित मामले में सोमवार को जिला न्यायालय में फैसला सुनाया गया था।


फैसले के बाद प्रवीण यादव कथित तौर पर फैसले से असंतुष्ट होकर न्यायालय परिसर में स्थित एक पेड़ पर चढ़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पेड़ पर चढ़ने के बाद युवक अपनी बात रखने लगा और आत्महत्या करने की चेतावनी देने लगा। इस अचानक हुई घटना से कोर्ट परिसर में हलचल मच गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्काल मोर्चा संभाला। उन्होंने युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई थी।

अधिकारियों ने धैर्यपूर्वक युवक से बातचीत की और उसे समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चले समझाने-बुझाने के बाद युवक शांत हुआ और अधिकारियों के आश्वासन पर सुरक्षित नीचे उतर आया। इसके बाद मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष धीरेंद्र मिश्रा ने बताया कि युवक हत्या के पुराने मामले में आए फैसले से आहत था और इसी वजह से पेड़ पर चढ़ा था। उन्होंने कहा कि प्रशासन और पुलिस की तत्परता से स्थिति को संभाल लिया गया और न्यायालय परिसर में शांति व्यवस्था कायम है। फिलहाल युवक को समझाकर सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।