Gorakhpur News : अब रेलवे स्टेशन बताएगा शहर की हवा कितनी साफ, गोरखपुर में शुरू हुई नई व्यवस्था

    30-Jun-2026
Total Views |

गोरखपुर। शहर की वायु गुणवत्ता की सटीक जानकारी अब सीधे गोरखपुर रेलवे स्टेशन से मिल सकेगी। रेलवे स्टेशन के गेट नंबर-1 पर अत्याधुनिक पर्यावरण निगरानी तंत्र (Environmental Monitoring System) स्थापित किया गया है, जिसे डिस्प्ले बोर्ड से जोड़ा गया है। इससे यात्रियों और आम लोगों को शहर के प्रदूषण की सटीक जानकारी मिल सकेगी। यहां गेट नंबर एक पर पर्यावरण निगरानी तंत्र स्थापित कर दिया गया है। आम लोगों को जानकारी मिल सके इसके लिए डिस्प्ले बोर्ड लगाया गया है।

अब तक शहर में मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी), गोलघर और गीडा में पर्यावरण निगरानी तंत्र स्थापित हैं, लेकिन वहां एकत्रित आंकड़े आम लोगों के लिए डिस्प्ले नहीं किए जाते थे। रेलवे स्टेशन यहाँ पहला स्थान बना है जहाँ प्रदुषण सम्बंधित जानकारी आम लोगों के लिए प्रदर्शित की जा रही है।


रेलवे स्टेशन परिसर में लगे पर्यावरण निगरानी तंत्र को डिस्प्ले बोर्ड से जोड़ा गया है। इससे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) की जानकारी मिल रही है। इसके साथ ही कार्बन मोनोऑक्साइड, कार्बन डाइऑक्साइड, नाइट्रोजन डाइऑक्साइड, सल्फर डाइऑक्साइड के स्तर का भी पता चला रहा है। वहीं, पार्टिकुलेट मैटर ( पीएम 2.5) और (पीएम 10) कणों के मात्रा की जानकारी हो रही है।

लखनऊ मंडल के डीआरएम गौरव अग्रवाल ने कहा इस अत्याधुनिक प्रणाली से स्टेशन परिसर में यात्रियों, रेल कर्मचारियों तथा आमजन को पर्यावरण की सटीक जानकारी मिलेगी जिससे वह स्वास्थ्य के प्रति अधिक जागरूक हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में सभी महत्वपूर्ण मानक पर्यावरणीय अनुकूल हैं। उन्होंने बताया कि तीन अन्य स्थानों पर शीघ्र ही पर्यावरण निगरानी तंत्र लगाए जाएंगे।