Maharajganj News : तीन प्लेट बिरयानी, भुगतान को लेकर विवाद और फिर वायरल वीडियो... जानिए पूरा मामला

    30-Jun-2026
Total Views |

महराजगंज।
घुघली थाना क्षेत्र के पुरैना खंडी चौराहा स्थित होटल ताज में सोमवार देर शाम डायल-112 की पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मियों और होटल संचालक के बीच कथित रूप से बिरयानी के भुगतान को लेकर विवाद हो गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हर तरफ इस मामले की चर्चा हो रही है।

होटल संचालक के मुताबिक, डायल-112 की पीआरवी से पहुंचे पुलिसकर्मियों ने तीन प्लेट बिरयानी पैक कराई। आरोप है कि जब उनसे बिल का भुगतान करने को कहा गया तो उन्होंने भुगतान करने से परहेज किया, जिससे दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। इसी दौरान होटल संचालक ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में भी पुलिसकर्मियों के होटल पर आने की बात का दावा किया जा रहा है। होटल संचालक का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी चौराहे पर स्थित एक अन्य दुकानदार के साथ इसी तरह विवाद हुआ थ। जिसे बाद में संबंधित दुकानदार को भुगतान कर सुलझा लिया गया था।


होटल संचालक ने आरोप लगाया है कि पुलिसकर्मियों द्वारा इस प्रकार की घटना तीसरी बार की गई है। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय व्यापारियों में भी नाराजगी है।

पुलिस विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या बयान जारी नहीं किया गया था। वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है।