Maharajganj News : 19 दिन बाद मौत का राज खुला? मजदूर की मौत के मामले में तीन देवरानियां गिरफ्तार
05-Jun-2026
Total Views |
भिटौली। पिपरा खादर नहर पुल के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिले मजदूर के शव के मामले में पुलिस ने बड़ा कदम उठाते हुए मृतक की पत्नी की तहरीर पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में मृतक की पत्नी की तीन देवरानियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। तीनों महिलाएं मृतक लक्ष्मण के भाइयों की पत्नी हैं।
भिटौली थाना क्षेत्र के अहिरौली निवासी लक्ष्मण निषाद (40) का शव 19 मई को पिपरा खादर नहर पुल के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। रिपोर्ट में मृतक की बाईं आंख के पास चोट के निशान मिले थे जबकि शरीर पर अन्य कोई स्पष्ट चोट नहीं था।
जानकारी के अनुसार, घटना के दिन मृतक लक्ष्मण एवं उसकी पत्नी ममता से उसकी तीनों देवरानियों से किसी बात को लेकर नोकझोंक हुई थी। नोकझोंक के दौरान हाथापाई के बाद मारपीट भी हो गई थी, जिसमें लक्ष्मण को कुछ अंदरुनी चोटें आ गई थीं। हालांकि लक्ष्मण का उसके भाई की पत्नियों से झगड़ा उसके घर अहिरौली में हुआ था और उसका शव पिपरा खादर में नहर के पुल के पास मिला था।
लक्ष्मण की पत्नी ममता शुरू से ही पति की मृत्यु की वजह चोट ही बता रही थी, मगर पुलिस इसे सामान्य घटना बता रही थी। बुधवार को पुलिस ने लक्ष्मण की पत्नी ममता की तहरीर पर उसकी देवरानियों विजय लक्ष्मी, दुर्गावती एवं करिश्मा के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर लिया। गुरुवार को पुलिस ने तीनों को घर से ही गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद तीनों को न्यायालय भेज दिया।
लक्ष्मण निषाद मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह पांच भाइयों में सबसे बड़ा था तथा अपने पीछे पत्नी ममता और पांच छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है ।
एसएचओ सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि आरोपी महिलाएं विजय लक्ष्मी, दुर्गावती निवासी अहिरौली तथा करिश्मा निवासी बेलासपुर नर्सरी थाना श्यामदेउरवा को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई करके न्यायालय भेज दिया गया है।