Maharajganj News घुघली में बेखौफ चोर! एक ही दुकान का तीसरी बार तोड़ा ताला, उड़ गई नकदी

    05-Jun-2026
Total Views |

महराजगंज।
नगर पंचायत घुघली में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला नगर पंचायत घुघली के वार्ड नंबर 10 निवासी रामअवध जायसवाल की पान की गुमटी से जुड़ा है, जहां चोरों ने ताला तोड़कर नकदी समेत हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया। ख़ास बात यह है कि बीते 15 दिन में यह तीसरी बार है जब उनकी दुकान को निशाना बनाया गया है। पीड़ित ने मामले की तहरीर घुघली चौकी में देकर जांच एवं कार्रवाई की मांग की है।


जानकारी के अनुसार, रामअवध जायसवाल ढोढ़ीला चौराहे पर पान की गुमटी चलाते हैं। बुधवार रात दुकान बंद कर वह घर चले गए थे। गुरुवार की सुबह करीब छह बजे जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो गुमटी का ताला टूटा मिला और फाटक भी क्षतिग्रस्त था। अंदर जांच करने पर करीब चार हजार रुपये नकद और लगभग दस हजार रुपये का सामान गायब मिला।

पीड़ित के अनुसार बीते 15 दिनों के भीतर उसकी दुकान में यह तीसरी चोरी की घटना है। इससे पहले भी दो बार चोर ताला तोड़कर नकदी व सामान चोरी कर चुके हैं। रामअवध जायसवाल ने घुघली चौकी में तहरीर देकर अज्ञात चोरों की पहचान कर कार्रवाई तथा चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।