Maharajganj News : 41 डिग्री की तपिश से तप रहा महराजगंज ! अस्पताल से बाजार तक गर्मी का कहर

    05-Jun-2026
Total Views |

महराजगंज। भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप से गुरुवार को जनजीवन बुरी तरह प्रभावित किया। सुबह से ही लोग तेज धूप और उमस के कारण बेहाल नज़र आये। दोपहर होते-होते हालात ऐसे हो गए कि लोग घरों से निकलने से बचते दिखे और जो बाहर निकले, वे छांव की तलाश करते रहे।

गुरुवार को जिला अस्पताल में पर्ची काउंटर से लेकर दवा काउंटर तक मरीजों और तीमारदारों की भीड़ लगी रही। रैन बसेरे में टीनशेड के कारण तीमारदार बिलबिला उठे। गर्मी से बेहाल लोग रैन बसेरे की गैलरी में फर्श पर सोते नजर आए तो कुछ लोग धूप के चलते एक पेड़ के नीचे आराम फरमाते रहे। हालाँकि दोपहर बाद आंधी और बारिश से लोगों को राहत मिली।


गुरुवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह 10 बजे के बाद से ही चिलचिलाती धूप से लोग परेशान दिखे। दोपहर में घर से निकलना दूभर हो गया है। गर्मी की वजह से लोगों को घर में भी राहत नहीं मिल पा रही है। पंखे और कूलर भी लोगों को राहत नहीं दे पा रहे हैं। वहीं जिला अस्पताल में चिलचिलाती गर्मी से लोग बेहाल दिखे।

दोपहर करीब 12.45 बजे जिला अस्पताल परिसर में पेड़ के नीचे आराम फरमाते दिखे। वहीं रैन बसेरे में लोग बेहाल दिखे। पंखे और कूलर तो लगे थे लेकिन टीनशेड के कारण तपिश ज्यादा थी। पूछने पर शहर निवासी अंकिता ने बताया कि गर्मी से काफी परेशानी हो रही है।

जबकि उसके बगल में बैठे नरेश ने बताया कि रैन बसेरे में टीनशेड के चलते काफी गर्मी हो रही है। कूलर पंखे भी काम नहीं कर रहे हैं। इसके चलते यहां पर जमीन पर लेटा हूं। यहां कुछ राहत है। चिलचिलाती धूप के चलते बाजार में भी रौनक कम रहा। शाम में कहीं जाकर लोगों की आवाजाही बढ़ी।