Maharajganj News : गंदगी और बदबू से परेशान हैं इस मोहल्ले के लोग ! हैं प्रशासन से नाराज़

    05-Jun-2026
Total Views |

महराजगंज।
शहर के शास्त्री नगर मोहल्ले में बदहाल नालियां और जलभराव की समस्या स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी का सबब बन गयी हैं। न इनकी मरम्मत होती है, न ही सफाई। इस वजह से गंदा पानी सड़कों पर बहता है, जिससे निवासियों में नगर पालिका प्रशासन के प्रति भारी असंतोष है। इसके चलते आवागमन तो प्रभावित होता ही है, सबसे ज़्यादा खतरा तो संक्रामक बीमारियों का है।

मोहल्ले के निवासियों का आरोप है कि वकील साहब के घर से लेकर आर. पांडेय के घर तक की नाली पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। नाली टूटने और जाम रहने के कारण जल निकासी व्यवस्था बाधित हो गई है, जिससे गंदा पानी सड़क पर जमा हो रहा है।


सड़क पर फैले गंदे पानी से स्कूली बच्चों और आसपास रहने वाले परिवारों को आवागमन में बहुत दिक्कत हो रही है। गंदगी और बदबू के कारण क्षेत्र का वातावण भी दूषित हो रहा है।

यहाँ के निवासियों ने बताया कि इस समस्या के बारे में संबंधित विभाग और नगर पालिका प्रशासन को कई बार सूचित किया जा चुका है। लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे लोगों में प्रशासन के प्रति बहुत गुस्सा है।

स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका से तत्काल नाली की सफाई कराने, क्षतिग्रस्त नाली का पुनर्निर्माण करने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। मोहल्लेवासियों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बारिश के मौसम में हालात और गंभीर हो सकते हैं। फिलहाल लोग नगर पालिका की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।