Maharajganj News : निचलौल में बिजली संकट गहराया, एसी-कूलर बने शोपीस, पंखे भी घूम रहे धीमे
05-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। निचलौल के विभिन्न वार्डों में बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या इन दिनों लोगों की परेशानी का बड़ा कारण बनती जा रही है। भीषण गर्मी और उमस के बीच ख़राब विद्युत् आपूर्ति से जनजीवन प्रभावित हो गया है। हालात यह है कि घरों में लगे एसी, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण प्रभावी ढंग से कार्य नहीं कर पा रहे हैं। पंखे भी धीमी गति से चल रहे हैं। इससे लोगों को रातभर जागकर बितानी पड़ रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि लो वोल्टेज के कारण बिजली उपकरण काम नहीं कर रहे हैं। पर्याप्त बिजली न मिलने से पेयजल की व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। बच्चों की पढ़ाई, व्यापारिक गतिविधियां तथा दैनिक कार्य बाधित हो रहे हैं।
उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। लोगों का आरोप है कि फाल्ट आने पर समस्या के समाधान में काफी समय लग जाता है, जिससे परेशानियां और बढ़ जाती हैं। नगरवासियों ने विभाग के उच्च अधिकारियों से नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, लो वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान करने तथा व्यवस्था में सुधार की मांग की है।