Maharajganj News : देवरिया शाखा नहर में मिला अधेड़ का शव, आधार कार्ड से हुई पहचान
14-Jul-2026
Total Views |
महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के बल्लो खास गांव के समीप स्थित देवरिया शाखा नहर में मंगलवार को एक अधेड़ का शव उतराता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाकर जांच शुरू कर दी।
मंगलवार दोपहर में घुघली थाना क्षेत्र के बल्लो खास गांव के पास देवरिया शाखा नहर में एक अधेड़ का शव उतराता लोगों ने देखा तो घुघली पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम थानाध्यक्ष के साथ मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से शव को बाहर निकलवाया गया। पुलिस टीम ने इसकी सूचना फील्ड यूनिट तथा अधिकारियों को दी।
सूचना पर सदर क्षेत्राधिकारी अंकुर गौतम और फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस के अनुसार, मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान गजानंद प्रसाद निगम, निवासी सड़कहवा, थाना ठूठीबारी के रूप में हुई। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है।
थानाध्यक्ष सूरज कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।