Maharajganj News : 'तहसील नहीं बनी तो हर तीन महीने खून से लिखूंगा पत्र', एमएलसी प्रतिनिधि का ऐलान

    14-Jul-2026
Total Views |

रजाउल अंसारी

सिसवा बाजार। सिसवा को तहसील का दर्जा दिलाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। इस मांग को लेकर मंगलवार, 14 जुलाई को एमएलसी प्रतिनिधि राजन विश्वकर्मा उर्फ अभय कुमार ने एसडीएम निचलौल सिद्धार्थ गुप्ता से मुलाकात कर पत्रक सौंपा और तहसील निर्माण की मांग से जुड़ी कार्रवाई को आगे बढ़ाने की मांग की।

राजन विश्वकर्मा ने बताया कि बीते 1 जून को उन्होंने अपने रक्त से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर सिसवा को तहसील बनाने की मांग की थी। यह पत्र डाक के माध्यम से मुख्यमंत्री कार्यालय भेजा गया था।

उन्होंने कहा कि सिसवा नगर का इतिहास अंग्रेजों के जमाने से जुड़ा हुआ है। कभी यहां दूर-दराज से व्यापारी आकर व्यापार करते थे और सिसवा एक प्रमुख व्यापारिक केंद्र के रूप में जाना जाता था। लेकिन वर्तमान समय में व्यापार लगातार प्रभावित हो रहा है और व्यापारी यहां से पलायन करने को मजबूर हो रहे हैं। ऐसे में क्षेत्र के विकास और लोगों की सुविधाओं को देखते हुए सिसवा को तहसील का दर्जा मिलना आवश्यक है।


उन्होंने कहा कि सिसवा क्षेत्र की समस्याओं और लोगों की जरूरतों को देखते हुए यहां तहसील बनाया जाना बेहद जरूरी है। इसी मांग को लेकर एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता को पत्रक सौंपकर आवश्यक कार्रवाई को आगे बढ़ाने की अपील की गई।

एमएलसी प्रतिनिधि ने कहा कि जब तक सिसवा को तहसील का दर्जा नहीं मिल जाता, तब तक वह एक वर्ष तक प्रत्येक तीन महीने पर अपने रक्त से मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इस मांग को उठाते रहेंगे।

इस अवसर पर निखिल रौनियार, अभिषेक पाण्डेय, नवीन मद्धेशिया, अतुल, अनिल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।