Maharajganj News : एक साल पहले गई थी जान, फिर भी नहीं चेता प्रशासन... अब सड़क पर उतरीं महिलाएं

    27-Jul-2026   
Total Views |


भिटौली। विकास खंड सिसवा के गोपाला गांव में सड़क पर बह रहे नाली के गंदे पानी से परेशान महिलाओं का गुस्सा रविवार को फूट पड़ा। महिलाओं ने गांव के मुख्य मार्ग पर प्रदर्शन कर स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा जल्द समस्या का समाधान नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहीं दुर्गावती देवी ने बताया कि सड़क पर फैले गंदे पानी के कारण कई लोग गिरकर घायल हो चुके हैं। वह स्वयं भी फिसलकर गिर चुकी हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि तमाम शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं कराया गया।

महिलाओं ने बताया कि स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिछले वर्ष सड़क पर बह रहे गंदे पानी से बचने के प्रयास में एक व्यक्ति की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी, लेकिन इसके बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।


वहीं दिनेश जायसवाल ने कहा कि आईजीआरएस सहित कई माध्यमों से शिकायत करने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आगे उग्र आंदोलन होगा।

महिलाओं ने बताया कि इससे पहले इसी संबंध में खंड विकास अधिकारी अर्जुन चौधरी ने कहा था कि शीघ्र ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा, मगर कोई समाधान नहीं निकला गया। इस मौके पर चांदमती, आरती, विंद्रावती, गुजरी, मैना, शनिचरा और जिउती देवी समेत दर्जनों महिलाओं ने भाग लिया।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।