महराजगंज। छोटे बच्चों का आधार कार्ड बनवाने के लिए अभिभावकों के लिए राहत की खबर है। महराजगंज जिला पोस्ट ऑफिस में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों के आधार कार्ड निशुल्क बनाए जा रहे हैं। इसके लिए अभिभावकों को किसी तरह का शुल्क नहीं देना होगा।
पोस्ट ऑफिस में आधार कार्ड बनाने के लिए तीन काउंटर संचालित किए जा रहे हैं। यहां प्रतिदिन करीब 100 से 150 बच्चों के आधार कार्ड बनाए जा रहे हैं। बढ़ती भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त काउंटरों के जरिए प्रक्रिया को आसान बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
पोस्ट ऑफिस के अधिकारी योगेश कुमार शर्मा ने बताया कि छोटे बच्चों का आधार कार्ड बनवाने के लिए अभिभावक पोस्ट ऑफिस पहुंचकर निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आधार कार्ड बनाने के नाम पर किसी व्यक्ति द्वारा शुल्क लिए जाने की शिकायत मिलती है तो मामले की जांच कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे आधार बनवाने के लिए किसी बिचौलिए के झांसे में न आएं और केवल निर्धारित काउंटर पर ही आधार से जुड़ी प्रक्रिया पूरी कराएं।
पोस्ट ऑफिस प्रशासन का कहना है कि तीन काउंटरों के माध्यम से आधार बनाने की व्यवस्था का उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों के आधार कार्ड समय पर तैयार करना है, ताकि अभिभावकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।