Maharajganj News : महीनों से सड़क पर पड़ा गिट्टी-बालू बना हादसे की वजह, बाइक सवार युवक गंभीर घायल

    12-Aug-2026   
Total Views |

महराजगंज। नगर पंचायत क्षेत्र के भगवानपुर गांव के पास मंगलवार शाम सड़क पर पड़े गिट्टी-बालू के ढेर के कारण बड़ा हादसा हो गया। लेहड़ा से ब्लॉक को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर बाइक और ई-रिक्शा के बीच हुई टक्कर में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में सड़क पर फैली निर्माण सामग्री को लेकर नाराजगी है।

यह घटना मंगलवार शाम करीब 5 बजे हुई, जब एक ई-रिक्शा और मोटरसाइकिल सवार गिट्टी-बालू के ढेर से गुजर रहे थे। अचानक दोनों वाहन अनियंत्रित हो गए और आपस में टकरा गए।

हादसे में बाइक सवार 32 वर्षीय भोला चौधरी, निवासी बाकिनिहा, लक्ष्मीपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। ई-रिक्शा चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए अपने सवारियों को सुरक्षित बचा लिया।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायल भोला चौधरी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बृजमनगंज पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया।

सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुशील गुप्ता ने बताया कि घायल के सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं, जिसके चलते उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क पर गिट्टी-बालू का यह ढेर महीनों से पड़ा है। जेसीबी से गिट्टी-बालू उतारी जाती है, जिससे सड़क पर सामग्री फैल जाती है। तेज गति से आ रहे वाहन चालक अक्सर इस पर फिसलकर गिर जाते हैं। नगर पंचायत के अधिकारियों से इसकी कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

हादसे के बाद भी नगर पंचायत के अधिकारियों की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। इस संबंध में अधिशासी अधिकारी सुरभि मिश्रा से मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन नहीं उठा।

लोगों ने सड़क पर फैली गिट्टी-बालू को हटाने के साथ-साथ लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।