Maharajganj News : मगरमच्छ दिखा तो नदी किनारे लग गया मेला, वन विभाग ने कहा- दूर रहें, पानी में न उतरें

    19-Aug-2026   
Total Views |

महराजगंज। परसामलिक थाना क्षेत्र के सिखवानी चौराहे के पास रोहिन नदी में मगरमच्छ दिखाई देने से इलाके में हलचल मच गई। नदी में मगरमच्छ होने की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचने लगे। कुछ ही देर में नदी किनारे लोगों की भीड़ जमा हो गई और लोग मोबाइल से मगरमच्छ की तस्वीरें और वीडियो बनाने लगे।

मगरमच्छ के नदी में दिखाई देने के बाद स्थानीय लोगों में कौतूहल के साथ-साथ सुरक्षा को लेकर चिंता भी बढ़ गई है। खासकर नदी के आसपास रहने वाले ग्रामीणों को किसी अप्रिय घटना की आशंका सताने लगी है।

सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई है। क्षेत्रीय रेंजर जितेंद्र गौड़ ने पुष्टि की कि रोहिन नदी में मगरमच्छ मौजूद है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे मगरमच्छ को देखने के लिए नदी के बहुत करीब न जाएं और किसी भी स्थिति में पानी में उतरने का प्रयास न करें।


वन विभाग लगातार स्थानीय लोगों को जागरूक कर रहा है। ग्रामीणों को विशेष रूप से बच्चों को नदी के आसपास न जाने देने की सलाह दी गई है।लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और किसी तरह की छेड़छाड़ न करने को कहा गया है। विभाग की टीम मगरमच्छ की गतिविधियों पर बारीकी से नजर रख रही है।

मगरमच्छ के दिखाई देने के बाद से यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। फिलहाल वन विभाग की नजर उसकी गतिविधियों पर है और लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।