सिसवा बाजार। नगर पालिका परिषद सिसवा बाजार के विकास को नई गति देने के लिए पेयजल, सीवरेज एवं नाली निर्माण कार्यों हेतु ₹3 करोड़ 95 लाख 80 हजार की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस स्वीकृति से नगर में आधारभूत नागरिक सुविधाओं का विस्तार होगा तथा स्वच्छ पेयजल और बेहतर जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जाएगा।
यह स्वीकृति भारत सरकार के केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं उत्तर प्रदेश भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ए.के. शर्मा के सहयोग तथा नगर पालिका परिषद सिसवा बाजार के अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल के निरंतर प्रयासों और जनहित के प्रति समर्पित नेतृत्व का परिणाम मानी जा रही है।
अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल ने कहा कि यह स्वीकृति सिसवा बाजार के विकास के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। इस धनराशि से नगर में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा, सीवरेज एवं नाली निर्माण कार्यों को गति मिलेगी तथा जल निकासी की समस्या के समाधान के साथ नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएँ उपलब्ध होंगी।
उन्होंने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भारत सरकार के केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी तथा उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ए.के. शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के निरंतर सहयोग से सिसवा बाजार में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और नगर के समग्र विकास का मार्ग और अधिक सशक्त होगा।
रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।