सिसवा बाजार। कोठीभार थाना क्षेत्र स्थित वार्ड संख्या 25 मीराबाई नगर (पोखरा टोला) स्थित निर्माणाधीन अमृत सरोवर में रविवार दोपहर एक हृदयविदारक घटना घटी। पोखरे में नहाने गए तीन किशोरों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गयी। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया। पुलिस ने स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से तीनों बच्चों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 2 बजे सूचना मिली कि पोखरा टोला स्थित निर्माणाधीन अमृत सरोवर में तीन बच्चे डूब गए हैं। सूचना मिलते ही कोठीभार पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।
प्रारंभिक जांच में पाता चला कि राजबीर (13 वर्ष) पुत्र उमेश यादव, नितीश यादव (14 वर्ष) पुत्र रमेश यादव, रोहन (13 वर्ष ) पुत्र रामलखन तथा कृष्णा रौनियार (15) पुत्र कबूतर रौनियार निवासी पोखरा टोला एक साथ अमृत सरोवर में नहाने गए थे। इसी दौरान नितीश, रोहन और कृष्णा गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उनके साथ मौजूद राजबीर किसी तरह बाहर निकलकर घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही परिजन, ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से काफी प्रयास के बाद तीनों किशोरों को सरोवर से बाहर निकाला गया और तत्काल सीएचसी सिसवा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में चीख-पुकार मच गई, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए होते या चेतावनी के बोर्ड लगाए गए होते तो शायद यह दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था।
रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।