महराजगंज। निचलौल में कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी राजू कुमार गुप्ता को पुलिस द्वारा थाने ले जाने के मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। कांग्रेस ने निचलौल थाना पुलिस पर राजू गुप्ता के साथ कथित तौर पर अभद्रता, गाली-गलौज और मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी से शिकायत की है।
कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह के नेतृत्व में पार्टी का प्रतिनिधिमंडल एसपी कार्यालय पहुंचा और ज्ञापन सौंपकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि पुलिस ने राजू गुप्ता के साथ बिना उचित कारण अपमानजनक और अभद्र व्यवहार किया।
प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक से मामले का तत्काल संज्ञान लेने, निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जानी चाहिए।
पार्टी नेताओं ने कहा कि कार्रवाई से पीड़ित को न्याय मिलेगा और पुलिस प्रशासन की निष्पक्षता पर भरोसा कायम रहेगा। एसपी कार्यालय में मौजूद अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मामले की निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में राजकुमार गुप्ता, अफजल अब्बासी, शेषमणि गुप्ता, मयंक दुबे, देव उपाध्याय, अनिल कुमार चतुर्वेदी, यूनुस अंसारी, गोपाल शाही, सुशील कुमार, सुभान अंसारी और विनोद तिवारी सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल थे।
यह मामला उस घटना के बाद सामने आया है, जिसमें निचलौल क्षेत्र में सड़क हादसे में चार युवकों की मौत के बाद राजू गुप्ता के मृतकों के परिजनों से मिलने पहुंचने और पुलिस द्वारा उन्हें थाने ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।