अड्डा बाजार। नौतनवा ब्लॉक के छितरापार से कौलही गांव को जोड़ने वाला करीब 800 मीटर लंबा कच्चा मार्ग बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने और बारिश का पानी भरने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बरसात में यह रास्ता कीचड़ में तब्दील हो जाता है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है।
छितरापार के राजेश कुमार सिंह, राधेश्याम गोंड, राकेश भारती, सूर्य नारायन यादव ने बताया कि गांव के अंतिम छोर से कौलही गांव तक अनुमानित 800 मीटर सड़क कच्ची है। सड़क पर कई गड्ढे बन गए हैं। बरसात में इस मार्ग पर बरसात का पानी भर जाता है। कच्चा मार्ग होने के कारण ये मार्ग कीचड़ भरे मार्ग में बदल जाता है। जिससे लोगों का इस राह से गुजरना मुश्किल हो जाता है।
ग्रामीणों के अनुसार, कौलही गांव में साधन सहकारी समिति है। उसके आगे पैसिया बाबू राष्ट्रीय राजमार्ग के निकट न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और राजकीय पशु चिकित्सालय है। इस रास्ते से होकर वहां जाना आसान है, मगर बरसात में अन्य रास्ते का सहारा लेना पड़ता है, जिससे दूरी बढ़ जाती है।
कौलही निवासी गंगा प्रसाद, दुर्गेश कुमार, उमेश राय और गोरख राय ने बताया कि छितरापार होकर नईकोट रेलवे स्टेशन तथा अड्डा से संपतिहा जाने वाली पीडब्ल्यूडी सड़क भी इस मार्ग से नजदीक है। यदि करीब 800 मीटर रास्ते को पक्का कर दिया जाए तो गजरही, गजरहां, बरवाखुर्द, मुड़ेहरा और भेड़ही समेत कई गांवों के लोगों को सहकारी समिति और स्वास्थ्य केंद्रों तक आने-जाने में काफी सुविधा होगी।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार मांग के बावजूद जनप्रतिनिधियों की ओर से इस दिशा में ठोस पहल नहीं की गई। वहीँ, लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता आलोक रंजन ने बताया कि इस मार्ग को कम से कम एक किमी लंबे पक्के मार्ग में तब्दील किया जाएगा। नियमानुसार कार्ययोजना बनाकर विभाग को भेजा जाएगा।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।