महराजगंज। डॉ. बीआर अंबेडकर महाविद्यालय में गुरुवार को आयोजित संवाद कार्यक्रम में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों की कॅरिअर संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान करने के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और सफलता को लेकर कई महत्वपूर्ण टिप्स दिए।
महाविद्यालय में आयोजित संवाद कार्यक्रम में मौजूद डीएम ने छात्र-छात्राओं से प्रेरक संवाद किया। संवाद में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट एवं स्नातक कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। डीएम ने विद्यार्थियों से उनके कॅरिअर के लक्ष्यों के बारे में जानकारी ली और उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर योजनाबद्ध तरीके से तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के अपने व्यक्तिगत अनुभवों और रणनीतियों को भी विद्यार्थियों के साथ साझा किया। इस मौके पर विद्यार्थियों ने परीक्षाओं में असफलता के कारण उत्पन्न तनाव और उससे निपटने के उपायों को लेकर जिलाधिकारी से सवाल किए। जिलाधिकारी ने कहा कि असफलता सफलता की राह में एक पड़ाव है, अंतिम परिणाम नहीं।
विद्यार्थियों को तनाव से बचने के लिए अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगाने और निरंतर प्रयास करते रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को अपना शत-प्रतिशत प्रयास करना चाहिए और परिणाम की चिंता किए बिना अपनी तैयारी को बेहतर बनाने पर ध्यान देना चाहिए।
जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को मौजूदा समय में मौजूद विभिन्न प्रकार के भटकाव से बचने और अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहने की सलाह दी। उन्होंने नियमित रूप से समाचार पत्र और पत्रिकाएं पढ़ने तथा देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से अपडेट रहने को भी कहा।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।