Maharajganj News : पत्नी गुस्साकर गयी मायके, अगले दिन फंदे से लटका मिला कैलाश वरुण

    21-Aug-2026   
Total Views |

परसामलिक। नौतनवा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत रतनपुर के मिश्रवलिया नहर टोले में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब 24 वर्षीय युवक का शव घर में साड़ी के फंदे से लटका मिला। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले ही पत्नी से उसकी कहासुनी हुई थी, जिसके बाद पत्नी नाराज होकर मायके नेपाल चली गई थी।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत रतनपुर टोला मिश्रवलिया नहर निवासी कैलाश वरुण (24) की चार माह पूर्व नेपाल निवासी कुसमावती के साथ शादी हुई थी। बुधवार को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। कुसमावती पति से नाराज होकर बुधवार शाम को अपने मायके नेपाल चली गई।


इसी बात को लेकर कैलाश वरुण तनाव में था। बुधवार देर रात उसने कथित तौर पर साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। गुरुवार सुबह उसका शव फंदे से लटका मिला तो घर में कोहराम मच गया।

कैलाश की माता सरोज व पिता बरसाती का रो-रोकर बुरा हाल है। कैलाश चार भाइयों में तीसरे नंबर का था, जबकि उसके तीन भाई बाहर रहकर काम करते हैं।

इस संबंध में एसओ नौतनवा अभिषेक सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।