सिसवा बाजार। आगामी धार्मिक त्योहार बारावफात (12 रबी-उल-अव्वल) एवं ईद-ए-मिलादुन्नबी को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार, 21 अगस्त 2026 को थाना कोठीभार परिसर में सिसवा क्षेत्र की पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी रविंद्र सिंह ने की।
बैठक में क्षेत्राधिकारी ने कहा कि जुलूसे मोहम्मदी 26 अगस्त बुधवार 2026 को मनाया जाएगा। सभी लोग त्योहारों के दौरान आपसी सौहार्द और भाईचारा बनाए रखें। जुलूस एवं धार्मिक कार्यक्रमों के संबंध में निर्धारित नियमों और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाए। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक या विवादित सामग्री प्रसारित न करने की अपील की। साथ ही जुलूसे मोहम्मदी को शांतिपूर्ण एवं निर्धारित मार्ग से निकालने का आह्वान किया।
थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने जुलूस के दौरान आने वाली संभावित समस्याओं के बारे में उपस्थित लोगों से जानकारी ली। इस दौरान लोगों ने जुलूस के रास्ते में लटके बिजली के तार, विद्युत पोल सहित अन्य समस्याओं से पुलिस प्रशासन को अवगत कराया। पुलिस प्रशासन ने सभी समस्याओं को नोट करते हुए संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।
बैठक में पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या, विवाद या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। क्षेत्र में शांति, सौहार्द एवं आपसी भाईचारा बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।
इस दौरान सभासद प्रमोद जायसवाल, शिबू बनारसी, हाजी उमर खान, कारी कुतुबुद्दीन, रेहान, एहसान, मास्टर इसहाक, वकील अहमद, मौलाना मैनुद्दीन मिस्बाही, डॉ. बख्शीस, सेराज अहमद, जावेद, निजामुद्दीन, अकबर अली सहित मदरसों के अध्यापक तथा सिसवा क्षेत्र के गांव और कस्बे से बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।