Maharajganj News : अस्पतालों में पहुंची स्टेट टीम, डॉक्टर से लेकर दवाओं और प्रसव कक्ष तक की जांच

Aapan Maharajganj    21-Aug-2026
Total Views |

inspection hospital
 
महराजगंज। जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखने के लिए गुरुवार को राज्य स्तरीय स्टेट रिव्यू मॉनिटरिंग टीम ने जिला अस्पताल समेत सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। टीम ने ओपीडी, वार्ड, प्रसव कक्ष, दवाओं के रखरखाव और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं समेत विभिन्न व्यवस्थाओं की जांच की।
ओपीडी निरीक्षण के दौरान मेडिसिन कक्ष के चिकित्सक द्वारा आईकार्ड नहीं पहने जाने पर टीम ने आपत्ति जताई। इसके अलावा चाइल्ड वार्ड, बुजुर्ग वार्ड, प्रसव कक्ष और दवाओं के रखरखाव की भी जांच की गई। इस दौरान जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एके द्विवेदी, डॉ. एवी त्रिपाठी समेत अन्य स्टाफ मौजूद रहा।
सदर सीएचसी की टीम में शामिल डॉक्टर अनूप यादव ने मरीजों के स्क्रीनिंग के बारे में संबंधित चिकित्सक से जानकारी ली। इसके बाद प्रसव कक्ष, गर्भवती महिलाओं के भर्ती कक्ष की जांच हुई। वहीं एक स्टाफ नर्स से अग्निशमन यंत्र के संचालन के बारे में भी टीम ने जानकारी ली। सदर सीएचसी अधीक्षक डॉ. केपी सिंह ने बताया कि सीएचसी सहित दस स्वास्थ्य इकाइयों की जांच टीम ने चेकलिस्ट के अनुसार किए थे। इस मौके पर बीपीएम सूर्य प्रताप सिंह, डॉ. रोमा गुप्ता सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश द्विवेदी ने बताया कि यह टीम जिले में 23 अगस्त तक रहेगी। टीम स्वास्थ्य योजनाओं के संचालन, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं सहित 135 बिंदुओं पर जांच करेंगी। जिले में कुल 13 टीम जांच कर रही हैं।