Maharajganj News : नेपाल से गंगाजल लेकर निकले हजारों कांवड़िए, सिसवा में दिखा भक्ति का अद्भुत नजारा

    23-Aug-2026   
Total Views |

सिसवा बाजार। सावन के अंतिम सोमवार से एक दिन पहले रविवार को सिसवा कस्बा शिवभक्त कांवड़ियों की आस्था और उत्साह से सराबोर नजर आया। नेपाल स्थित त्रिवेणी धाम से गंगाजल लेकर करीब 65 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी कर हजारों कांवड़िए शाम तक सिसवा पहुंचे। कांवड़ियों के जत्थों के साथ गूंजते ‘बोल-बम’ के जयकारों और शिव भजनों से पूरा कस्बा भक्तिमय हो गया।

बताया गया कि सिसवा कस्बे और आसपास के गांवों से कांवड़ियों की अलग-अलग टोलियां शनिवार सुबह नेपाल के त्रिवेणी धाम के लिए रवाना हुई थीं। त्रिवेणी धाम में गंगाजल लेने के बाद रविवार को उनकी वापसी शुरू हुई। लंबी पैदल यात्रा के बावजूद कांवड़ियों में खासा उत्साह दिखाई दिया। रास्तेभर शिव भजनों पर झूमते और जयकारे लगाते हुए कांवड़िए सिसवा पहुंचे।

कस्बे में प्रवेश करते ही कांवड़ियों के स्वागत और सेवा के लिए स्थानीय लोग व समाजसेवी आगे आए। सिसवा नगरपालिका की ओर से मिष्ठान्न और जलपान की व्यवस्था की गई। इसके अलावा सिसवा खुर्द शिव मंदिर, वनशक्ति देवी स्थान, श्रीरामजानकी मंदिर, हनुमान गढ़ी, सायर देवी स्थान, संस्कृत पाठशाला और जायसवाल नगर शिव मंदिर समेत कई स्थानों पर भंडारे लगाए गए, जहां कांवड़ियों को प्रसाद और भोजन कराया गया।

रात्रि विश्राम के लिए भी विभिन्न धार्मिक स्थलों पर व्यवस्था की गई। कांवड़िए रात में विश्राम करने के बाद सोमवार तड़के हरपुर पकड़ी स्थित बउरहवा बाबा धाम के लिए रवाना होंगे। वहां भगवान शिव का गंगाजल से जलाभिषेक करने के साथ उनकी कांवड़ यात्रा पूरी होगी।

कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस और प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। कोठीभार एसओ अखिलेश वर्मा और सिसवा चौकी प्रभारी दिव्यप्रकाश मौर्य पुलिस टीम के साथ कस्बे में सुरक्षा व्यवस्था और यातायात पर नजर बनाए रहे। सिसवा खुर्द में बैरिकेडिंग कर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई, जिससे कांवड़ियों की आवाजाही सुचारु बनी रहे।

कांवड़ियों के सिसवा पहुंचने के साथ ही सेवा और स्वागत का सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। प्रमोद जायसवाल, जितेंद्र वर्मा, गिरधारी केडिया, अशोक बंका, अजय सिंह समेत अनेक धर्मनाथ खरवार, मदन राजभर, पंकज सोनी समाजसेवियों ने विभिन्न स्थानों पर जलपान की व्यवस्था कर कांवड़ियों की सेवा की। देर रात तक सिसवा की सड़कों पर कांवड़ियों के जत्थे, डीजे पर गूंजते शिव भजन और ‘हर-हर महादेव’ व ‘बोल-बम’ के जयघोष माहौल को भक्तिमय बनाते रहे।


रजाउल अंसारी

रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।