Maharajganj News: सिसवा-घुघली मार्ग पर बारिश में जड़ समेत गिरा आम का पेड़, घंटों बाधित रहा यातायात

    29-Aug-2026   
Total Views |

सिसवा बाजार। शनिवार को दोपहर करीब तीन बजे अचानक मौसम बिगड़ने के साथ तेज बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान सिसवा-घुघली मुख्य मार्ग पर कोठीभार सिल्वर फीनिक्स मैरेज हॉल के पास सड़क किनारे लगा आम का पेड़ तेज हवा और बारिश के बीच जड़ समेत सड़क पर गिर पड़ा। पेड़ के सड़क के बीचों-बीच गिरने से दोनों तरफ वाहनों की आवाजाही रुक गई और कई घंटों तक यातायात प्रभावित रहा।

पेड़ गिरने के समय संयोग से उसकी चपेट में कोई वाहन या राहगीर नहीं आया। इससे बड़ा हादसा टल गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पेड़ को काटकर सड़क से हटाने में जुट गए। काफी प्रयास के बाद पेड़ को हटाकर मार्ग साफ किया गया, जिसके बाद यातायात सुचारु हो सका।

बिजली आपूर्ति भी हुई बाधित

पेड़ गिरने से बिजली के खंभों के तार भी टूट गए, जिसके चलते आसपास के इलाके में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। सूचना मिलने पर बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और मरम्मत का काम शुरू किया। इसके बाद बिजली आपूर्ति बहाल की गई।

राहत की बात रही कि इस घटना में किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई और न ही किसी तरह की जनहानि या संपत्ति के नुकसान की सूचना है।

रजाउल अंसारी

रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।