महराजगंज। गौ सम्मान आह्वान अभियान के तृतीय चरण का जिले में आगाज हो गया है। अभियान के तहत अब जिले के ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर तक पहुंचकर गौ संरक्षण के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही अभियान से जुड़े लोगों की ग्राम स्तर पर कमेटियां गठित करने के लिए जनसंपर्क तेज कर दिया गया है।
इसी क्रम में पुष्कर से आए संत श्री गोपाल जी महाराज और संत स्नेहा जी ने करीब तीन दिनों तक सिसवा और घुघली ब्लॉक क्षेत्र में प्रवास किया। इस दौरान सिसवा नगर सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों में लोगों से संपर्क किया गया। खेसरारी, असमन छपरा, मंगल छपरा, रायपुर और बेलवा समेत कई गांवों में गौ प्रेमियों से मुलाकात कर अभियान के उद्देश्य और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।
लेहड़ा माता मंदिर में भी हुआ जनसंपर्क शुक्रवार को अभियान से जुड़े संतों और कार्यकर्ताओं ने फरेंदा तहसील स्थित लेहड़ा माता मंदिर में व्यापक जनसंपर्क किया। यहां मौजूद गौ प्रेमियों को अभियान के उद्देश्यों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने की अपील की गई। अभियान के तीसरे चरण में ग्राम स्तर पर कमेटियों के गठन और ग्राम पंचायतों में अधिक से अधिक लोगों के हस्ताक्षर कराने का लक्ष्य रखा गया है। 17 दिसंबर को राजधानी पहुंचेंगे गौ प्रेमी अभियान से जुड़े लोगों के अनुसार आगामी 17 दिसंबर को प्रदेश के सभी जिलों से बड़ी संख्या में गौ प्रेमी प्रदेश की राजधानी पहुंचेंगे। महराजगंज जिले से भी हजारों गौ प्रेमियों के राजधानी पहुंचने की तैयारी की जा रही है।
इस दौरान हस्ताक्षर अभियान से जुड़े पत्रक प्रदेश सरकार को सौंपे जाएंगे। अभियान के माध्यम से गौ हत्या पर रोक लगाने के लिए देशभर में कानून बनाने, गौ माता को राष्ट्र माता की उपाधि देने और गौ आधारित कृषि को बढ़ावा देने सहित अन्य मांगें प्रदेश सरकार के समक्ष रखी जाएंगी।
सचिन पाण्डेय बने फरेंदा तहसील संयोजक फरेंदा क्षेत्र में अभियान को और गति देने के लिए गौ सेवक श्री सचिन पाण्डेय को अभियान का तहसील संयोजक बनाया गया। कार्यक्रम में लेहड़ा माता मंदिर के मुख्य पुजारी, जिला प्रभारी योगेश जायसवाल सहित बड़ी संख्या में गौ भक्त और अभियान से जुड़े कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अभियान के पदाधिकारियों ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने तथा ग्राम स्तर पर चल रहे हस्ताक्षर अभियान को सफल बनाने की अपील की।
रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।