Maharajganj News: 10 साल की अनुश्री ने क्ले से बनाए गणपति बप्पा, 3 घंटे में तैयार की सुंदर प्रतिमा

    15-Sep-2026   
Total Views |

महराजगंज।
गणेश चतुर्थी के अवसर पर सिसवा की 10 वर्षीय अनुश्री कसेरा ने अपनी कला और भक्ति से भगवान गणेश की आकर्षक प्रतिमा तैयार कर लोगों का ध्यान खींचा है। चित्रगुप्त नगर वार्ड निवासी वरिष्ठ पत्रकार ओंकार कसेरा की बेटी अनुश्री ने क्ले और रंगों की मदद से गणपति बप्पा की सुंदर प्रतिमा बनाई। करीब तीन घंटे की मेहनत से तैयार इस कलाकृति में उसकी रचनात्मक प्रतिभा के साथ भगवान के प्रति श्रद्धा भी दिखाई दी।

अनुश्री नगर के आरपीआईसी स्कूल में कक्षा छह की छात्रा है। गणेश चतुर्थी के दिन स्कूल में उसे कला प्रोजेक्ट के तहत गणपति से संबंधित आर्ट तैयार करने का काम मिला था। इसी से प्रेरित होकर उसने सोमवार शाम घर पर क्ले से भगवान गणेश की प्रतिमा बनाने का फैसला किया।

अनुश्री ने करीब तीन घंटे तक लगातार मेहनत और एकाग्रता के साथ प्रतिमा तैयार की। इसके बाद उसने गणपति बप्पा की मूर्ति को आकर्षक रंगों से सजाया। रंगों से सजने के बाद प्रतिमा और भी सुंदर नजर आने लगी।

बोली- प्रतिमा बनाते समय लगा, गणपति बप्पा मार्गदर्शन कर रहे हैं

अनुश्री का कहना है कि भगवान श्रीगणेश बुद्धि, विवेक, शुभता और सफलता के प्रतीक हैं। किसी भी शुभ कार्य से पहले प्रथम पूज्य गणपति का स्मरण करने की परंपरा है, क्योंकि वे भक्तों के जीवन से विघ्न-बाधाएं दूर कर मंगल का मार्ग प्रशस्त करते हैं। उसने कहा कि प्रतिमा बनाते समय उसे ऐसा महसूस हुआ, जैसे स्वयं गणपति बप्पा उसका मार्गदर्शन कर रहे हों।

नन्ही कलाकार अनुश्री ने कहा कि लगन, श्रद्धा और मेहनत के साथ इंसान किसी भी मुकाम को हासिल कर सकता है। उसने अपनी इस छोटी-सी कलाकृति को गणपति बप्पा का आशीष बताया।

अनुश्री की भक्ति और हुनर ने परिवार के साथ आसपास के लोगों को भी भावुक कर दिया। उसकी बनाई गणपति प्रतिमा ने गणेश चतुर्थी के उत्सव में श्रद्धा और रचनात्मकता का सुंदर मेल पेश किया।



रजाउल अंसारी

रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।