सिसवा बाजार। कोठीभार थाना क्षेत्र में सिसवा बाजार-खड्डा के बीच रेलवे ट्रैक पर सोमवार को एक 65 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही कोठीभार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को ट्रैक से हटाकर कब्जे में लिया। मृतक की पहचान मोती मुसहर पुत्र सुन्नर, निवासी सबया टोला बरगदही, थाना कोठीभार के रूप में हुई।
जानकारी के अनुसार, 14 सितंबर को सिसवा बाजार स्टेशन अधीक्षक के माध्यम से कोठीभार पुलिस को सूचना मिली कि ट्रेन संख्या 15212 जननायक एक्सप्रेस के चालक ने किलोमीटर संख्या 323/08-10 के पास रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव पड़े होने की जानकारी दी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस ने मौके पर जांच करते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके बाद शव की पहचान मोती मुसहर के रूप में हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक शराब का आदी था। प्रारंभिक जानकारी में आशंका जताई जा रही है कि वह नशे की हालत में रेलवे ट्रैक पर जा रहा था। इसी दौरान ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना देने के बाद शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद मौके पर शांति व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।
कोठीभार थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।