लक्ष्मीपुर, महराजगंज। थाना पुरन्दरपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत मानिकतलाव के टोला धनहिया निवासी शिक्षामित्र पंचम यादव (45) की सोमवार शाम आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। वह प्राथमिक विद्यालय मानिकतलाव में शिक्षामित्र के पद पर कार्यरत थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जा रहा है कि सोमवार शाम करीब चार बजे पंचम यादव गांव से सटे सब्जी के खेत में गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और आकाशीय बिजली गिरने से वह उसकी चपेट में आ गए। गंभीर रूप से झुलसने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की खबर मिलते ही मौके पर पहुंचे ग्रामीण घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। पंचम यादव के आकस्मिक निधन से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पंचम यादव के निधन की जानकारी मिलने के बाद प्राथमिक विद्यालय मानिकतलाव के शिक्षक-शिक्षिकाओं और ग्रामीणों में भी शोक व्याप्त है। ग्रामीणों के अनुसार पंचम यादव सरल और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। वह लंबे समय से शिक्षामित्र के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनके आकस्मिक निधन को गांव के लिए अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है।
मुबारक अली (Mubarak Ali) 'आपन महराजगंज' में तहसील संवाददाता (फरेंदा) के रूप में कार्यरत हैं। यह फरेंदा तहसील क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और प्रशासनिक गतिविधियों को प्रमुखता से कवर करते हैं।