अड्डा बाजार। अड्डा बाजार पावरहाउस के अंतर्गत आने वाले गांवों में लगातार हो रही अघोषित और असमय बिजली कटौती को लेकर क्षेत्रवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। बिजली की अनियमित आपूर्ति से बच्चों की पढ़ाई, किसानों की सिंचाई, व्यापारिक गतिविधियों और आम जनजीवन पर असर पड़ने की बात कही जा रही है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार, हल्की बारिश के दौरान भी कई घंटे तक बिजली गुल रहती है और कई बार पूरी रात विद्युत आपूर्ति बाधित रहती है। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या को लेकर 20 सितंबर 2026, रविवार को सुबह 10 बजे बिजली विभाग कार्यालय पर विशाल एवं शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
बिजली व्यवस्था सुधारने की मांग धरने का नेतृत्व अभिषेक जोशी, पत्रकार युनुस खान और अभिषेक सिंह करेंगे। आयोजकों के अनुसार, धरने के माध्यम से बिजली विभाग के सामने क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था से जुड़ी विभिन्न मांगें रखी जाएंगी।
इनमें बिजली कटौती का निश्चित समय निर्धारित कर उसे सार्वजनिक करना, रोस्टिंग की प्रक्रिया दिन के समय पूरी करना, रात में अनावश्यक बिजली कटौती बंद करना, जर्जर तारों और विद्युत उपकरणों को तत्काल बदलना तथा बारिश के दौरान बार-बार होने वाली विद्युत बाधित समस्या का स्थायी समाधान करना शामिल है।
किसानों, व्यापारियों और आम लोगों से पहुंचने की अपील आयोजकों ने क्षेत्र के किसानों, मजदूरों, व्यापारियों, युवाओं, छात्रों और सभी नागरिकों से 20 सितंबर को अड्डा बाजार पहुंचने की अपील की है। उन्होंने लोगों से जाति, धर्म और दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जनहित के मुद्दे पर शांतिपूर्ण तरीके से धरने में शामिल होने का आग्रह किया है।
इसके साथ ही मीडिया प्रतिनिधियों से भी बिजली कटौती की समस्या को प्रमुखता से उठाने की अपील की गई है, ताकि क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था से जुड़ी समस्या संबंधित अधिकारियों तक पहुंच सके।
आयोजकों का कहना है कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नहीं है, बल्कि क्षेत्र में बेहतर विद्युत व्यवस्था और जनता की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर किया जा रहा है। उनका कहना है कि यदि सात दिनों के भीतर बिजली व्यवस्था में ठोस सुधार नहीं हुआ तो अड्डा बाजार में इससे बड़ा शांतिपूर्ण जनआंदोलन किया जाएगा।
अबरार अहमद (Ibrar Ahmad) 'आपन महराजगंज' में जिला प्रभारी (District Incharge) के रूप में कार्यरत हैं। यह जिले के समाचार कवरेज, रिपोर्टिंग टीम के मार्गदर्शन और प्रमुख क्षेत्रीय मुद्दों को उठाने का कार्य करते हैं।