Maharajganj News: निचलौल में पेड़ से लटका मिला 28 वर्षीय युवक का शव, जमीन पर टिके थे दोनों पैर

    19-Sep-2026   
Total Views |

महराजगंज।
निचलौल थाना क्षेत्र के बरगदही गांव के पास शनिवार सुबह खेत के किनारे सागौन के पेड़ से मफलर के सहारे एक 28 वर्षीय युवक का शव लटका मिला। सुबह खेत की ओर गए लोगों की नजर पेड़ पर लटके शव पर पड़ी तो आसपास हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

शव के दोनों पैर जमीन पर टिके हुए थे। वहीं, पेड़ से कुछ दूरी पर युवक की बाइक भी बरामद हुई। शव की स्थिति और मौके से बाइक मिलने की जानकारी सामने आने के बाद घटना को लेकर कई तरह के सवाल उठने लगे।

ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही निचलौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मौजूदगी में शव को पेड़ से नीचे उतरवाया और कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू की।

मृतक की पहचान अरुण राजभर (28) पुत्र रामप्रसाद राजभर, निवासी कोहड़वल टोला सिसवा डीह के रूप में हुई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
घटना के बाद युवक की मौत को लेकर आत्महत्या की आशंका के साथ अन्य पहलुओं पर भी चर्चा हो रही है। हालांकि, अभी तक पुलिस की ओर से मौत के कारण को लेकर कोई अंतिम पुष्टि नहीं की गई है।

शव के दोनों पैर जमीन पर टिके होने और कुछ दूरी पर बाइक मिलने के कारण घटना की परिस्थितियों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

युवक की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।



मुबारक अली

मुबारक अली (Mubarak Ali) 'आपन महराजगंज' में तहसील संवाददाता (फरेंदा) के रूप में कार्यरत हैं। यह फरेंदा तहसील क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और प्रशासनिक गतिविधियों को प्रमुखता से कवर करते हैं।