महराजगंज। यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी (IPS) के निर्देशन में जनपदभर में मोडिफाइड साइलेंसर, प्रेसर हॉर्न और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों, प्रमुख मार्गों, चौराहों और महत्वपूर्ण स्थानों पर क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों तथा यातायात पुलिस की टीमों ने वाहनों की जांच की। इस दौरान खासतौर पर दोपहिया वाहनों में लगाए गए नियम विरुद्ध मोडिफाइड साइलेंसर और प्रेसर हॉर्न की जांच की गई।
1641 वाहनों की हुई जांच पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान कुल 1641 वाहनों की जांच की गई। नियम विरुद्ध मोडिफाइड साइलेंसर और प्रेसर हॉर्न का इस्तेमाल करने वाले 60 वाहनों के चालान किए गए। वहीं, नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 20 वाहनों को सीज किया गया।
कार्रवाई के दौरान कई वाहनों में लगे नियम विरुद्ध मोडिफाइड साइलेंसर और प्रेसर हॉर्न को मौके पर ही हटवाया गया। इसके साथ ही संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।
सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस की अपील महराजगंज पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए मोडिफाइड साइलेंसर तथा प्रेसर हॉर्न का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि ऐसे नियम विरुद्ध उपकरणों का इस्तेमाल करते पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक, जनपद में यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वाहन चेकिंग और कार्रवाई का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
मुबारक अली (Mubarak Ali) 'आपन महराजगंज' में तहसील संवाददाता (फरेंदा) के रूप में कार्यरत हैं। यह फरेंदा तहसील क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और प्रशासनिक गतिविधियों को प्रमुखता से कवर करते हैं।