Maharajganj News: रामपुर खुर्द के तालाब में मिला 35 वर्षीय युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस

    19-Sep-2026   
Total Views |

सिसवा बाजार।
कोठीभार थाना क्षेत्र के रामपुर खुर्द गांव में शुक्रवार को उस समय लोगों की भीड़ जुट गई, जब तालाब में एक 35 वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। जानकारी मिलने के बाद कोठीभार पुलिस भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया।

मृतक की पहचान अमित चौबे पुत्र निक्कन चौबे, निवासी रामपुर खुर्द के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, अमित 17 सितंबर की सुबह करीब 8:30 बजे घर से निकला था। देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।

इसी बीच 18 सितंबर को रामपुर खुर्द गांव स्थित तालाब में एक युवक का शव मिलने की जानकारी ग्रामीणों को हुई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान अमित चौबे के रूप में की है।

पुलिस की पूछताछ में परिजनों ने बताया कि मृतक की पत्नी फिलहाल अपने मायके गई हुई थी। परिजनों के मुताबिक अमित नशे का सेवन करता था। वहीं, शव मिलने से पहले उसकी गुमशुदगी को लेकर परिजनों की ओर से थाने में कोई सूचना नहीं दी गई थी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई
घटना के संबंध में परिजनों की ओर से अभी तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस के अनुसार, यदि परिजनों की ओर से शिकायत दी जाती है तो उसके आधार पर नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कोठीभार थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि रामपुर खुर्द गांव के तालाब से एक युवक का शव बरामद हुआ है। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की ओर से अभी कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनी हुई है।



रजाउल अंसारी

रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।