नौतनवा। कस्बे में बुधवार सुबह नगर पालिका प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाकर सड़क की पटरियों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया। अभियान शुरू होने के बाद कई दुकानदारों ने खुद ही अपना अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया। प्रशासन ने कार्रवाई के लिए बुलडोजर और ट्रैक्टर-ट्रॉली का इस्तेमाल किया।
नगर पालिका की टीम ने जलकल कार्यालय से जायसवाल मोहल्ला होते हुए हनुमान चौक, मार्केट और घंटाघर चौक तक विभिन्न मार्गों की पटरियों पर किए गए अवैध कब्जे हटाए। लंबे समय से सड़क की पटरियों पर अतिक्रमण होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
दुकानदारों की ओर से सड़क किनारे सामान रखने और दुकानें लगाने के चलते कई बार जाम की स्थिति बनती थी। प्रशासन ने अतिक्रमण करने वालों को पहले ही इसे हटाने की चेतावनी दी थी।
सोमवार को अधिशासी अधिकारी संदीप कुमार सरोज, जलकल कर्मचारी सत्यप्रकाश और नगर पालिका कर्मी जेसीबी व ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ अभियान में शामिल हुए। निर्धारित सीमा से बाहर पाए गए अतिक्रमण को जेसीबी के जरिए हटाया गया और वहां मिले सामान को ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरवाया गया।
अधिशासी अधिकारी ने बताया कि अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
बशीर खान (Bashir Khan) 'आपन महराजगंज' में ब्लॉक प्रभारी (Block In Charge) के रूप में कार्यरत हैं। यह अपने ब्लॉक क्षेत्र की स्थानीय खबरों, घटनाओं और जनसमस्याओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।